भर्तियों का सूखा… व्यापमं से इस साल 70 पदों की सिर्फ एक वैकेंसी निकली: CG VYAPAM

राज्य में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह बात निराश करने वाली है कि व्यापमं से इस साल सिर्फ 70 पदो की एक वैकेंसी निकली है। यह भर्ती मत्स्य निरीक्षक की है। जनवरी-फरवरी 2024 में इसके लिए आवेदन मंगाए गए थे। इसकी परीक्षा अभी नहीं हुई है। आमतौर पर व्यापमं से हर साल दर्जनभर भर्तियां निकलती है। इस बार युवाओं को नई भर्ती के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। दिसंबर में भी व्यापमं से वैकेंसी नहीं आएगी। दरअसल, चिप्स से व्यापमं का अनुबंध समाप्त हो गया है। नई एजेंसी से भी अभी अनुबंध नहीं हुआ है। इसलिए व्यापमं की परीक्षा अभी नहीं होगी। व्यापमं से आखिरी परीक्षा प्रयोगशाला तकनीशियन भर्ती की 6 अक्टूबर को आयोजित की गई थी। इसी तरह 9 अक्टूबर 2024 को छात्रावास अधीक्षक भर्ती परीक्षा के मॉडल उत्तर जारी किए गए। इसके बाद से व्यापमं से न तो कोई परीक्षा हुई है और न ही परीक्षाओं के रिजल्ट जारी हुए हैं। वेबसाइट पर इनसे संबंधित कोई सूचना भी जारी नहीं हो रही है। इस व्यवस्था को लेकर युवाओं में निराशा है। उनका कहना है कि व्यापमं से हर साल दर्जनभर परीक्षाएं आयोजित की जाती थी। इस बार पूरा साल इंतजार में बीत गया। भर्ती के इंतजार में कई युवाओं की उम्र पार हो गई। आगे भी कब तक भर्ती आएगी यह पता नहीं है। चिप्स से अनुबंध समाप्त अचानक नहीं हुआ होगा। इसकी जानकारी अधिकारियों को पहले से रही होगी। यदि ऐसा था तो पहले से तैयारी क्यों नहीं की गई, ताकि चिप्स के हटने के बाद दूसरी एजेंसी आ जाए। जिससे परीक्षाएं और रिजल्ट समय से जारी हो सके।

आबकारी आरक्षक, एडीईओ व सब इंजीनियर भर्ती का प्रस्ताव

व्यापमं को आबकारी आरक्षक, एडीईओ व सब इंजीनियर भर्ती का प्रस्ताव मिला है। इसके अलावा सहायक ग्रेड-3 की भर्ती भी प्रस्तावित है। यह भर्ती अब नए साल में ही आएगी। क्योंकि, नई एजेंसी से अनुबंध होने के बाद फिर डाटा से संबंधित प्रक्रिया चलेगी। इसमें एक से डेढ़ माह का समय लग सकता है। अगले कुछ दिनों में यदि नई एजेंसी से अनुबंध होता है तो फिर जनवरी के आखिरी सप्ताह या फरवरी में नई भर्ती को लेकर सूचना जारी होगी।

जुलाई में सेट व सितंबर में हुई थी छात्रावास अधीक्षक की परीक्षा

व्यापमं से करीब 8 परीक्षाओं के नतीजे अब तक जारी नहीं हुई है। छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) 21 जुलाई को आयोजित की गई थी। इसमें एक लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इसके मॉडल उत्तर भी जारी हो चुके हैं। छात्रावास अधीक्षक के 300 पदों पर भर्ती के लिए 15 सितंबर 2024 को परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में 3.53 लाख अभ्यर्थी श मिल हुए थे। इसके मॉडल उत्तर जारी हो चुके हैं। इसी तरह प्रयोगशाला तकनीशियन भर्ती परीक्षा जो 6 अक्टूबर को आयोजित की गई थी। इसके मॉडल उत्तर अभी जारी नहीं हुए हैं। इसमें भी देरी होगी

प्रयोगशाला परिचारक की भर्ती परीक्षा अगले साल ही

उच्च शिक्षा विभाग के तहत कुल 880 पदों पर भर्ती होगी। इसमें प्रयोगशाला परिचारक के 430 पद हैं। इसके अलावा भृत्य के 210, चौकीदार के 210 और स्वीपर के 30 पोस्ट हैं। इसके लिए अक्टूबर 2023 में वैकेंसी निकली गई थी। करीब 7 लाख आवेदन आए हैं। यह परीक्षा व्यापमं से होगी। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग से प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है। इसके अनुसार व्यापमं से परीक्षा की तैयारी की गई थी। लेकिन तकनीकी कारणों से यह परीक्षा आयोजित नहीं की गई। अब यह परीक्षा अगले साल फरवरी-मार्च में होने की संभावना है।

तमाम खबरों, सरकारी भर्ती, और योजनाओ के लिए https://jobnewstoday.in/ को सब्सक्राइब करें और साथ में नोटिफिकेशन बेल प्रेस करना ना भूले | किसी भी अन्य जानकारी के लिए आप हमसे सीधे संपर्क कर सकते है संपर्क नंबर 8871827559

Leave a Comment