सालभर में 3 हजार पदों पर भर्ती की मंजूरी, पर 716 ही निकली: PSC ME 646 AUR VYAPAM SE 70 PADO KI VACANCY

प्रदेश के सरकारी विभागों में 3000 से अधिक नियमित भर्ती के लिए शासन ने मंजूरी तो दी, लेकिन इसकी तुलना में वैकेंसी कम आ रही हैं। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) और व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) से सालभर में सिर्फ 716 पदों की भर्ती ही निकली है। अधिकतर भर्ती कागजों में ही है। इनकी प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। भास्कर ने सरकारी नौकरी के दावों का पता लगाने के लिए पीएससी व व्यापमं से इस साल निकाली गई वैकेंसी की पड़ताल की। इसमें पता चला कि पीएससी से 646 पदों की वैकेंसी निकली है। जिसमें राज्य सेवा परीक्षा के 246 और एसआई भर्ती के 341 पद हैं। इसके अलावा बॉयलर इंस्पेक्टर के 2 और सिविल जज के 57 पदों की भर्ती निकली। प्रोफेसर भर्ती 2021 में निकली थी, उसकी भर्ती प्रक्रिया कुछ दिनों से शुरू है। वहीं, सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सबसे ज्यादा निराश करने वाली बात यह है कि व्यापमं से इस साल सिर्फ 70 पदों की वैकेंसी निकली है। यह भर्ती मत्स्य निरीक्षक की है। जनवरी-फरवरी 2024 में इसके लिए आवेदन मंगाए गए थे। इसकी परीक्षा अभी नहीं हुई है। छात्रावास अधीक्षक समेत अन्य के लिए व्यापमं से जो परीक्षा हुई थी, वह पिछले साल की वैकेंसी है।

इन पदों में भर्ती की प्रक्रिया शुरू ही नहीं हुई

लोक निर्माण विभाग में 102 सब इंजीनियर की भर्ती होगी। इसकी वित्त से अनुमति अक्टूबर में मिली थी। इसमें 86 सिविल और 16 इलेक्ट्रिक सब इंजीनियर के पद हैं। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में 181 पदों के लिए मंजूरी मिली है। आबकारी आरक्षक के 100 से अधिक पद और ग्रामीण विकास विस्तार अधिकारी (एडीईओ) की भी तैयारी है। यह भर्तियां व्यापमं के माध्यम से होंगी। आबकारी आरक्षक व एडीईओ के लिए पांच-छह महीने पहले ही व्यापमं से प्रस्ताव मिला है, लेकिन भर्ती नहीं निकली। इसी तरह नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) में 196, विद्युत निरीक्षक कार्यालय में 27 और न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में वैज्ञानिक अधिकारी के 28 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए वित्त विभाग से भी मंजूरी मिली है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग में भी विभिन्न पदों पर भर्ती की योजना है। लेकिन भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई।

छत्तीसगढ़ में ढाई महीने से व्यापमं से कोई परीक्षा नहीं

प्रदेश में इंजीनियरिंग, पॉलीटेक्निक, फार्मेसी, बीएड-डीएलएड समेत अन्य प्रवेश परीक्षाएं हर साल व्यापमं से आयोजित की जाती है। इसके अलावा इसी तरह वर्ग दो से लेकर चार तक की भर्तियां इसके माध्यम होती है। इस साल व्यापमं से भर्ती निकलने के इंतजार में साल बीत गया। सिर्फ एक वैकेंसी आई। दरअसल, व्यापमं और चिप्स के बीच सितंबर में अनुबंध समाप्त हो गया। यह संस्था परीक्षा व रिजल्ट से जुड़े काम करती थी। इसी तरह नई एजेंसी से भी अभी अनुबंध नहीं हुआ है। इसलिए ढ़ाई महीने से व्यापमं से कोई परीक्षा नहीं हुई है। व्यापमं से आखिरी परीक्षा प्रयोगशाला तकनीशियन भर्ती की 6 अक्टूबर 2024 को आयोजित की गई थी। जबकि इसके पास कई भर्तियों के लिए प्रस्ताव हैं

7 लाख युवाओं का सालभर से इंतजार

उच्च शिक्षा विभाग की ओर से अक्टूबर 2023 में लैब अटेंडेंट समेत अन्य की वैकेंसी निकाली थी। 880 पदों पर भर्ती के लिए सात लाख से ज्यादा युवाओं ने आवेदन किया है। वे सालभर से परीक्षा की तारीख का इंतजार कर रहे हैं। यह कब आयोजित की जाएगी इसके लेकर भी कोई सूचना जारी नहीं की जा रही है। परीक्षा व्यापमं से होगी। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग से प्रस्ताव गया है।

तमाम खबरों, सरकारी भर्ती, और योजनाओ के लिए https://jobnewstoday.in/ को सब्सक्राइब करें और साथ में नोटिफिकेशन बेल प्रेस करना ना भूले | किसी भी अन्य जानकारी के लिए आप हमसे सीधे संपर्क कर सकते है संपर्क नंबर 8871827559

Leave a Comment