पिछली बार 34 साल थी आवेदन की अधिकतम आयु, युवाओं में निराशा
छह साल बाद पुलिस विभाग में उप निरीक्षक (एसआई) की भर्ती निकली है। इसके लिए आवेदन की अधिकतम आयु सामान्य वर्ग 33 वर्ष है। पिछली बार यह 34 वर्ष थी। यानी इस बार आवेदन के लिए अधिकतम आयु में एक साल की कटौती की गई है। इससे युवा असंतुष्ट हैं। उनका कहना है कि फॉर्म भरने की अधिकतम आयु को सामान्य वर्ग के लिए 36 किया जाना चाहिए, क्योंकि छह साल बाद यह भर्ती निकली रही है। इसमें कई उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 33 वर्ष से अधिक हो चुकी है। इसके लिए युवाओं ने उप मुख्यमंत्री, गृहमंत्री समेत अन्य से गुहार लगाई है। जानकारी के मुताबिक वर्ष 2018 में एसआई 655 पदों के लिए वैकेंसी निकली थी। बाद में 2021 में पदों की संख्या बढ़ाकर 975 किया गया और फिर आवेदन मंगाए गए थे। इममें सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 34 वर्ष थी। उस समय भी शासन की ओर से उच्चतर आयु सीमा में छूट दिया गया था। इस बार की भर्ती के लिए उम्मीदवारों की आयु 21 वर्ष से कम और अधिकतम 28 वर्ष निर्धारित की गई। शासन से आयु सीमा में 5 साल छूट का प्रावधान किया गया है। इसलिए अधिकतम आयु 33 वर्ष है। 1 जनवरी 2024 के अनुसार इसकी गणना होगी। छूट के बाद भी पिछली बार की तुलना में एक साल कम है। इसे लेकर युवा निराश हैं।
341 पदों पर होगी भर्ती, एसआई की 278 पोस्ट
छत्तीसगढ़ पुलिस में 341 पदों के लिए वैकेंसी निकली है। इसमें 278 पोस्ट एसआई के हैं। इसी तरह 19 सूबेदार, 11 उप निरीक्षक (विशेष शाखा), 14 प्लाटून कमांडर, 4 उप निरीक्षक (अंगुल चिन्ह), 1 उप निरीक्षक (प्रश्नाधीन दस्तावेज), 5 उप निरीक्षक (कंप्यूटर) और 9 उप निरीक्षक (साइबर क्राइम) के पद शामिल है। सूबेदार, एसआई, एसआई (विशेष शाखा) और प्लाटून कमांडर के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता ग्रेजुएशन है। एसआई (अंगुल चिन्ह), एसआई (प्रश्नाधीन D दस्तावेज) के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स के साथ बीएससी या समकक्ष। एसआई (कंप्यूटर) और एसआई (साइबर क्राइम) के लिए बीसीए या बीएससी कंप्यूटर या समकक्ष है।

ऑनलाइन आवेदन 25 दिसंबर तक
एसआई भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 23 अक्टूबर से 21 नवंबर 2024 तक आवेदन मंगाए गए थे। अब फॉर्म भरने की प्रक्रिया फिर शुरू हुई है। इसके अनुसार आवेदन 25 दिसंबर तक किए जा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन में त्रुटि सुधार 26 व 27 दिसंबर तक होगा। जबकि शुल्क के साथ त्रुटि सुधार 28 व 29 दिसंबर को होगा। गौरतलब है कि अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के पुरूष उम्मीदवारों को ऊंचाई में 5 सेमी की छूट दी गई है। अब 163 सेमी हाईट वाले उम्मीदवार भी इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसी तरह सीने के माप में भी इस वर्ग के उम्मीदवारों को छूट दी गई है। अब सीना बिना फुलाये 78 सेमी और फुलाने पर 83 सेमी होना चाहिए। इस संशोधन के बाद दोबारा आवेदन का अवसर दिया गया है।